लोदीमाजरा में विधायक जनसंवाद, राम कुमार चौधरी ने सुनीं लोगों की समस्याएं

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

लोदीमाजरा। दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत लोदीमाजरा में आयोजित विधायक जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान लोदीमाजरा, ढेला और ठाना पंचायत क्षेत्रों के लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसंवाद के दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार की ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना के तहत चल रही बीपीएल परिवार चयन प्रक्रिया के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध करवाना है।

राम कुमार चौधरी ने योजना के तहत मिलने वाले संभावित लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित पात्रता एवं मापदंडों को पूरा करने वाले परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इनमें 75 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों के लिए पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में 27 से 59 वर्ष की आयु के बीच कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है या जिनकी वार्षिक आय निर्धारित सीमा के भीतर है, वे सरकार द्वारा तय अन्य पात्रता एवं शर्तें पूरी करने की स्थिति में चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

विधायक ने पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ 20 सितंबर 2026 से पहले संबंधित पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी कार्यालय अथवा उपमंडलाधिकारी कार्यालय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवार चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में पात्र परिवारों को आवेदन का अवसर दिया जा रहा है। ऐसे में पात्र परिवार अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते संबंधित पंचायत या विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर आवेदन जमा करवाएं।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर जागरूकता और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों की अन्य जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए।

इस अवसर पर दून ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलतार ठाकुर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भागचंद शर्मा, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड पंच, पूर्व प्रधान और उपप्रधान उपस्थित रहे।

Share the news