सरकाघाट में मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू बनाने हेतु पूर्वाभ्यास आयोजित

सरकाघाट,
गोपालपुर खंड में पंचायती राज चुनावों के अंतर्गत जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज राजकीय डिग्री कॉलेज सरकाघाट में मतगणना पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने की।
पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में 27 मतगणना पर्यवेक्षकों तथा 54 मतगणना सहायकों ने भाग लिया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर पुनीत प्रभाकर शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक पहलुओं की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने मतपत्रों की गणना, अभिलेखों के संधारण, सावधानियों तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि मतगणना चुनाव प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण होता है, इसलिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कर मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी मतगणना कर्मियों से समयबद्धता, अनुशासन तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया, ताकि मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

Share the news