26 जून को मनाया जाएगा ‘एंटी चिट्टा डे’, नशे के खिलाफ शपथ लेंगे अधिकारी-कर्मचारी

खबर अभी अभी
ऊना, 25 जून:
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर प्रदेशभर में 26 जून को पहली बार ‘एंटी चिट्टा डे’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर नशे, विशेषकर चिट्टे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।
इसी कड़ी में ऊना जिले में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय परिसर में गुरुवार सुबह 11 बजे एंटी चिट्टा शपथ कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी नशे के खिलाफ शपथ लेकर चिट्टे एवं अन्य मादक पदार्थों के उन्मूलन का सामूहिक संकल्प लेंगे।
प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि हिमाचल को नशा मुक्त बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
प्रशासन का मानना है कि ‘एंटी चिट्टा डे’ के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ेगी, नशे के खिलाफ सकारात्मक सामाजिक माहौल तैयार होगा और इस गंभीर सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए जनसहभागिता को और मजबूती मिलेगी।

Share the news