
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 जनवरी 2023
उपमंडल संगड़ाह के तहत रविवार देर रात सुंदरघाट-शिवपुर मार्ग पर एक कार के गहरी खाई में गिर गई। सड़क हादसे में एक ही गांव से ताल्लुक रखने वाले दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल एक अन्य युवक को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसा अरट गांव के समीप पेश आया।
जानकारी के अनुसार कार में तीन युवक सवार थे, जो सुंदरघाट से अपने गांव अरट की तरफ जा रहे थे। इसी बीच गांव पहुंचने से पहले ही अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बीडीसी अध्यक्ष मेला राम शर्मा के भतीजे कृष्ण शर्मा और पंकज निवासी गांव अरट तहसील संगड़ाह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, कार में सवार कायणूं गांव का राघव गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटनाग्रस्त कार की आवाज सुनते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और अंधेरे के बीच ही बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में दोनों मृतकों और घायल को सड़क तक पहुंचाया गया। घायल को सामुदायिक चिकित्सालय संगड़ाह ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे में एक ही गांव के दो युवाओं की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। सोमवार को दोनों युवाओं के शवों को पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसडीएम डा. विक्रम नेगी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





