
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
18 जनवरी 2023
नालागढ़ में नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव के लिए 21 जनवरी को बैठक बुलाई गई है। नालागढ़ नगर परिषद में पांच सदस्यों ने नप अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त को भेजा था। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए उपायुक्त ने उपमंडलाधिकारी नालागढ़ को 21 जनवरी को बैठक बुलाने के निर्देश दिए है। नालागढ़ नगर परिषद के पांच पार्षदों ने उपायुक्त के समक्ष पेश होकर नप अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था।
जिस पर 30 दिसंबर को उपायुक्त के आदेश पर उपमंडलाधिकारी ने बैठक बुलाई। बैठक में सभी पांचों सदस्य बैठक में उपस्थित हुए और नप अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त को भेज दिया। नालागढ़ परिषद के तहत 9 वार्ड आते हैं, जिसमें से पांच वार्डों के पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है। नगर परिषद नालागढ़ में पांच पार्षदों सिर्फ अध्यक्ष के खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है, जबकि उपाध्यक्ष की कुर्सी सुरक्षित है।
नालागढ़ परिषद के वार्ड-2 से पार्षद वंदना बंसल, वार्ड-4 से संजीव भारद्वाज, वार्ड-5 से अल्का वर्मा, वार्ड-7 के पार्षद अमरिंनद्र भिंडर और वार्ड-8 से पार्षद सहर शर्मा ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है। अल्का वर्मा और वंदना बंसल पूर्व में नगर परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं। वंदना बंसल बतौर निर्दलीय ही चुनाव जीती हैं और कुछ माह पूर्व उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। नगर परिषद अध्यक्ष की सीट पर अपने समर्थक पार्षद को काबिज करने के लिए विधायक और पूर्व विधायक भी पूरा जोर लगाए हुए हैं। बताया जाता है कि दोनों नेता पार्षदों के संपर्क में हैं और बैठकों का दौर जारी है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





