हिमाचल प्रदेश के ठियोग में आंगनबाड़ी केंद्र ब्लग में काम कर रही कार्यकर्ता की डंडों से पीटकर हत्या

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

10 फरवरी 2023

 

हिमाचल प्रदेश के ठियोग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र ब्लग में काम कर रही कार्यकर्ता की डंडों से पीटकर हत्या का मामला सामने आया है।  आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका केंद्र में थी। इसी बीच आरोपी ने मौके पर पहुंचकर इस घटना को अंजाम दिया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया लेकिन यहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले महीने की तेजधार हथियार से हमला करने के केस में तीन साल की सजा काट चुका है।  ।

आरोपी राजेश निवासी बलैंया टयाली केंद्र में दाखिल हुआ और बिना कुछ कहे रीना पर डंडे से प्रहार करना शुरू कर दिया। इस पर बिंदी देवी ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन उस समय तक महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी थी। आरोपी फरार हो गया था। पंचायत की प्रधान प्रियवंदा राणा ने दोपहर 12:42 मिनट पर फागू चौकी को फोन पर इस बारे में सूचित किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल से कुछ दूरी पर ही आरोपी को दबोच लिया। घायल अवस्था में महिला को आईजीएमसी शिमला ले जाया गया लेकिन यहां उपचार के दौरान शाम के समय उसने दम तोड़ दिया। आरोपी राजेश कुमार तेजधार हथियार से हमला करने के एक केस में तीन सजा काटकर 26 जनवरी को ही रिहा होकर आया था। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इसके साथ ही हत्या से जुड़े तथ्यों को एकत्रित करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पति चंडीगढ़ में टैक्सी चालक का काम करता है। वह अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई हैं। वारदात से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। ठियोग के ब्लग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस केस की गहनता से छानबीन कर रही है।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news