
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 फरवरी 2023
नगर निगम सोलन में इन दिनों अधिकारियों के न होने से लोग परेशान हो रहे हैं। जहां एक ओर यहां पर आयुक्त का कार्यभार देख रहे अतिरिक्त उपायुक्त जफर इकबाल छुट्टी पर गए हैं, वहीं कुछ दिनों से निगम संयुक्त आयुक्त भी छुट्टी पर चल रही हैं। हालांकि उनका कार्यभार पर्यटन अधिकारी को दिया गया है, मगर वह भी किसी कार्य के चलते निगम नहीं आ सके। लिहाजा यहां पर लोगों को जरूरी कार्य निपटाने में परेशानी आई। सबसे ज्यादा मुश्किलें राजस्व संबंधी और पानी के बिल दुरुस्त करवाने वाले लोगों को आ रही हैं। वह कार्यालय में पहुंच रहे हैं तो उन्हें पता चल रहा है कि अधिकारी यहां पर नहीं हैं। वहीं नगर निगम के दायरे में रहने वाले जो लोग जमीन से संबंधित कार्य करवाने के लिए तहसील पहुंच रहे हैं, उन्हें एनओसी लेने के लिए निगम में भेजा जा रहा है। एनओसी पर अधिकारियों के हस्ताक्षर जरूरी होते हैं। मगर बीते कुछ दिनों से यहां पर लोगों के काम नहीं हो रहे हैं।
भाजपा पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि निगम में इन दिनों अधिकारी न होने से लोग परेशान हो रहे हैं। बीते एक सप्ताह से कई लोग यहां पर अपने कार्य करवाने आए, इसमें खासकर जिन लोगों को जमीन संबंधित रजिस्ट्री करवानी है, वह भी एनओसी लेने यहां पर आ रहे हैं, मगर यहां पर अधिकारी न मिलने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में रोजाना सैकड़ों लोग कार्य करवाने आते हैं। मगर सरकार यहां पर स्थायी आयुक्त की नियुक्ति नहीं करवा पाई है।उधर, इस बारे में महापौर पूनम ग्रोवर ने कहा कि आयुक्त का कार्यभार देख रहे अतिरिक्त उपायुक्त और संयुक्त आयुक्त छुट्टी पर हैं। मगर उनका कार्यभार पर्यटन अधिकारी को दिया गया है। वह लोगों के कार्य करवा रहे हैं। जल्द ही यहां पर स्थायी आयुक्त की तैनाती हो जाएगी, जिसके बाद समस्या नहीं रहेगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





