
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
2 जून 2023

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से करवाई गई सीनियर अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताब पर शिमला की टीम ने कब्जा जमाया है। शुक्रवार को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में शिमला की टीम ने ऊना को 110 रनों से पराजित किया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शिमला की टीम ने 40 ओवर में नौ विकेट खोकर 217 रनों को स्कोर खड़ा किया। जिसमें सुमित वर्मा ने अपनी टीम के लिए 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। शिमला टीम के बनाए 217 रनों का पीछा करते हुए ऊना जिले की टीम 24वें ओवर में 107 रनों पर ही ढेर हो गई। शिमला की ओर गेंदबाजी करते हुए गेंदबाज मयंक डागर और देवरथ ने ऊना के तीन-तीन बल्लेबाजों के विकेट चटकाए।
अर्धशतकीय पारी खेलने वाले सुमित वर्मा को मैन ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया। शुक्रवार को सुबह टॉस के बाद बारिश के कारण मैच करीब 11:00 बजे शुरू हुआ। समय को देखते हुए अंपायरों ने 40 ओवर ही निधार्रित किए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में एचपीसीए के कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह ने विजेता शिमला की टीम को एक लाख रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जबकि उपविजेता रही ऊना की टीम को 75 हजार और ट्रॉफी भेंट की गई। उन्होंने कहा कि एचपीसीए प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ावा देने के काम रही है। वहीं बेहतर सुविधाओं को चलते प्रदेश के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





