
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 जून 2023
सोलन शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने तैयारी कर ली है। अतिक्रमण को लेकर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग दोनों मिलकर जमीन की पैमाइश करेंगे। इसके बाद दोनों विभाग की ओर से अपनी जमीन पर लाइन लगाकर जगह की पहचान की जाएगी। जमीन की पहचान होने से निगम को शहर से अतिक्रमण हटाने में भी आसानी होगी। शहर में कई ऐसी जगह है जहां पर रेहड़ी-फड़ी धारकों ने अतिक्रमण कर कब्जा जमा रखा है। ऐसे में जहां आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं शहर में जाम की समस्या भी बन जाती है, लेकिन कई जगह लोक निर्माण विभाग की जमीन होने से निगम को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
इसे लेकर उपायुक्त ने निगम के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में निगम को लोक निर्माण विभाग से पैमाइश कराने के बाद इसकी रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। वहीं उक्त रिपोर्ट अधिकारियों को शूलिनी मेले से पहले प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी शुरूआत निगम की टीम सोलन-राजगढ़ मार्ग से करेगी। इसके बाद अन्य जगहों पर भी अधिकारी पैमाइश करेंगे। वहीं इसकी अध्यक्षता तहसीलदार की ओर से की जाएगी।
शहर में अतिक्रमण काफी गंभीर समस्या बनी हुई है। अधिकतर समस्या पुराने उपायुक्त कार्यालय से लेकर कोटलानाला तक देखी जाती है। लेकिन जगह की सही जानकारी नहीं होने के चलते निगम की टीम कार्रवाई नहीं कर पाती है। ऐसे में शहर में अतिक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। लेकिन अब निगम की टीम अपनी जगह की पहचान के लिए विभागों के साथ पैमाइश करेगी।
उधर, नगर निगम सोलन के आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए निगम की टीम लोक निर्माण और राजस्व विभाग के साथ पैमाइश करेगा। जिसके बाद निगम अपनी जगह की पहचान के लिए लाइन लगाएगा। ऐसे में अतिक्रमण करने वालों का आसानी से पता लगाया जा सकेगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





