भांग की वैध खेती पर लोगों की राय लेकर बनाएंगे कारगर नीति : नेगी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

13 जून 2023

हिमाचल सरकार भांग की वैध और वैज्ञानिक खेती पर प्रदेशवासियों की राय लेकर समाज और राज्य के व्यापक हित में बहुत जल्द कारगर नीति लाएगी। हिमाचल में भांग की वैध और वैज्ञानिक खेती पर अध्ययन को गठित विशेष समिति के अध्यक्ष एवं राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह बात धर्मशाला में विभिन्न हितधारकों और जनप्रतिनिधियों से जनसंवाद कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल का वातावरण औषधीय गुणों से परिपूर्ण भांग के उत्पादन के लिए सहायक है। यहां उगने वाली भांग औषधीय और औद्योगिक दोनों प्रकार के काम में लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि समिति नीति निर्माण से पहले इस विषय पर खुली चर्चा से जनता की शंकाएं दूर करने और उनके सुझाव लेने के लिए प्रदेशभर में इस प्रकार के कार्यक्रम कर रही है। इसी क्रम में समिति ने सोमवार को धर्मशाला में विभिन्न हितधारकों और जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर उनकी राय मांगी।

उन्होंने कहा कि शोध के आधार पर भांग के ऐसे बीज तैयार किए जाएंगे, जिसके पौधों में नशा नहीं होगा और औद्योगिक उपयोग के लिए उसकी खेती किसानों की ओर से की जाएगी। औषधीय गुणों से परिपूर्ण भांग की खेती करने के लिए लाइसेंस दिए जाएंगे और नियंत्रित वातावरण में प्रशासकीय निगरानी में इसकी खेती की जाएगी। जंगलों में भी बिना नशे वाले भांग के बीज डाले जाएंगे, जिनका उपयोग औद्योगिक उत्पादों के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मलाणा सहित कई क्षेत्रों में उगने वाली भांग सर्वोत्तम औषधीय गुणों से परिपूर्ण है। इनके उपयोग से बनने वाली औषधी की जीआई टैगिंग करवाने के लिए सरकार प्रयास करेगी। इससे बनने वाले औद्योगिक और औषधीय उत्पादों से प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ होने के साथ नशे के तौर पर इसके उपयोग पर चेक रखा जाएगा। बैठक में खुली चर्चा करते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हितधारकों और पंचायतीराज संस्थाओं के सदस्यों ने अपने विचार, सुझाव और शंकाए समिति के समक्ष रखीं। इन पर गहन चर्चा करते हुए समिति सदस्यों ने हितधारकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और इस विषय पर आम लोगों से भी सुझाव मांगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news