
खबर अभी अभी कुनिहार ब्यूरो
23 मार्च 2024
होली पर इस बार कुनिहार में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत विभिन्न समूहों द्वारा निर्मित हर्बल रंग, अबीर व गुलाल का जलवा देखने को मिल रहा है। विभिन्न समूहों से जुड़ी महिलाओं की ओर से खंड विकास कार्यालय कुनिहार के प्रांगण मे हर्बल रंग, अबीर व गुलाल की दुकानें सजाई गई हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि हर्बल रंग, अबीर व गुलाल की बिक्री महिलाओं द्वारा की जा रही है। यह नई पहल आने वाले समय में मिशन से जुड़े समूहों को रोजगार में मील का पत्थर साबित होगा। होली पर्व का उल्लास अब चरम पर पहुंचने लगा है। जिसको लेकर आज खंड विकास कार्यालय में खंड विकास अधिकारी सहित सभी महिलाओं सहित कार्यालय स्टाफ ने आपस में होली खेली व सभी को होली पर्व की बधाई दी।
जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों में पर्व से संबंधित सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। रंग बिरंगी व आकर्षक पिचकारियों के साथ ही अबीर, गुलाल व रंगों की दुकानें सज गई हैं। इनकी उपभोक्ताओं द्वारा बढ़ चढ़कर खरीददारी भी शुरू कर दी गई है। पर्व की खुशियों में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए, इसे लेकर बच्चों व युवाओं द्वारा अभी से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वे बाजारों में पहुंचकर मनपसंद पिचकारियों व रंगों की खरीददारी में जुट गए हैं। इन सबके बीच कुनिहार में पहली बार राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत विभिन्न समूहों से जुड़ीं महिलाओं द्वारा निर्मित हर्बल रंग, अबीर व गुलाल की बिक्री बढ़ चढ़कर की जा रही है। होली पर्व के मद्देनजर हर्बल रंग, अबीर व गुलाल के निर्माण का प्रशिक्षण बीते दिनों ही विभिन्न समूहों से जुड़ी महिलाओं को दिया गया था। इसका असर भी देखने को मिला। खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने बताया कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत विभिन्न समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा बहुत से स्थानों पर हर्बल रंग, अबीर व गुलाल की बिक्री की जा रही है।
विकास खण्ड कार्यालय व अर्की , कुनिहार में हर्बल रंग की दुकानें लगाई जा रही हैं। ये दुकानें विभिन्न समूहों की महिलाओं द्वारा लगाई गई हैं। 10 से 50 रुपये में हर्बल रंग, अबीर व गुलाल की बिक्री की जा रही है। उपभोक्ताओं द्वारा इनकी बढ़ चढ़कर खरीददारी भी की जा रही है। इस प्रकार के हर्बल रंग, अबीर व गुलाल की बढ़ चढ़कर होने वाली बिक्री से संबंधित समूह की महिलाओं में काफी उत्साह है।
बताया कि जिस प्रकार से हर्बल रंग की बिक्री हो रही है, उससे आने वाले समय में समूहों से जुड़ी महिलाओं के रोजगार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। वहीं इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट जगदीश अत्री, प्रधान ग्राम पंचायत कुनिहार राकेश ठाकुर, कोशल्या कंवर, कांता जोशी,संतोष शर्मा, निशा जोशी,मीना शर्मा, संतोष भारद्वाज ,मीनाक्षी तनवर ,मीरा शर्मा, पूनम,शांता शर्मा सहित
स्वयं सहायता समूह की सैकड़ो महिलाएं मौजूद रही।
खबर अभी अभी कुनिहार ब्यूरो





