
#ख़बर अभी अभी हमीरपुर ब्यूरो*
7 अगस्त 2024
नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर 11 लाहलड़ी गांव में पालतू कुत्ते ने तीन बच्चों को नोच दिया। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में तीनों बच्चों का उपचार करवाया गया। वहीं, गुस्साए अभिभावकों ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस थाना हमीरपुर में की। बाद में पार्षद वकील सिंह ने अभिभावकों और कुत्ते के मालिक के बीच लिखित समझौता करवाया।
पालतू कुत्ते ने महक ठाकुर पुत्री शशिपाल सिंह, दिव्यांश पटियाल पुत्र सुशील सिंह और एक अन्य छोटी बच्ची को काटा। वहीं छह माह पहले भी इसी पालतू कुत्ते ने रित्विक पुत्र अमित हमराही को भी काटा था। शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने कहा कि पालतू कुत्ते की ओर से काटे जाने के मामले को लेकर ग्रामीण पुलिस थाना में पहुंचे थे। जहां पर लिखित कार्रवाई की गई है। अगर कुत्ते को किसी अन्य जगह नहीं भेजा जाता है तो दोबारा से पुलिस के पास शिकायत की जाएगी।
स्थानीय निवासी अनिल कुमार ने कहा कि पालतू कुत्ते की दहशत से लोग सहमे हुए हैं। अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। कई बार पालतू कुत्ते के मालिक को भी इस बारे में बताया गया है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को सभी ग्रामीणों ने पुलिस थाना पहुंच कर इसकी शिकायत की है। वहीं, वार्ड नंबर ग्यारह के पार्षद वकील सिंह ने कहा कि पालतू कुत्ते ने तीन बच्चों को काटा था। ग्रामीण पुलिस थाना में पहुंचे थे। बाद में दोनों पक्षों में आपसी समझौता करवाया गया है और पालतू कुत्ते को किसी अन्य जगह पर भेजने के लिए दोनों पक्षों में सहमति बनी है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया है।





