सिरमौर शिलाई के टिंबी स्कूल के तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी

खबर अभी अभी
21 अगस्त,24
नाहन/शिलाई : जिला सिरमौर के अंतर्गत शिलाई उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी “Govt. Sr. Sec. School Timbi”के तीन शिक्षकों (teachers) को शिक्षा विभाग (Education Department) ने कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किए हैं. नोटिस का जबाव मिलने के बाद ही शिक्षा विभाग आगामी कार्रवाई अमल में लाएगा.

बता दें कि ये तीनों शिक्षक उस वक्त नदारद पाए गए, जब उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया. बीते दिन शिलाई प्रवास के दौरान उद्योग मंत्री टिंबी स्कूल पहुंचे, जहां तीन शिक्षक नदारद मिले. उद्योग मंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तुरंत इन शिक्षकों के खिलाफ करवाई के आदेश दिए.

उल्लेखनीय है कि जिला सिरमौर के स्कूलों से अध्यापकों के नदारद रहने की शिकायतें विभाग को मिल रही हैं. गत मंगलवार को ग्रामीणों के आग्रह पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिंबी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मौके से कार्यवाहक प्रधानाचार्य (प्रवक्ता अर्थशास्त्र), राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता और टीजीटी मेडिकल स्कूल से नदारद पाए गए.

लिहाजा, उच्च शिक्षा विभाग सिरमौर ने स्कूल से नदारद मिले तीनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. शिक्षकों को दो दिन के भीतर नोटिस का जवाब देना होगा. दो दिन बाद शिक्षकों के जवाब से यदि उच्च शिक्षा विभाग सहमत नहीं होता तो उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

उधर, उच्च शिक्षा विभाग सिरमौर के उपनिदेशक अजीत चौहान ने बताया कि उद्योग मंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान टिंबी स्कूल से नदारद रहने वाले तीन अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं. साथ ही उच्च अधिकारियों को भी इस संदर्भ में अवगत करवा दिया है

Share the news