
2 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुनिहार

गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया। विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी शिक्षाओं और जन्माष्टमी के महत्व को जीवंत कर दिया।
कृष्ण जन्म और बाल लीलाओं ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण जन्म, बाल लीलाओं, नृत्य और रासलीला पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों के लिए श्रीकृष्ण पर आधारित मनोरंजक मूवी का विशेष आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए टिकट काउंटर भी बनाया गया, जहां उन्होंने उत्साहपूर्वक टिकट लेकर फिल्म का आनंद लिया। इस दौरान बच्चों ने पॉपकॉर्न का भी लुत्फ उठाया।
श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अलका भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के निदेशक श्री समीर गर्ग एवं श्रीमती आदिति गर्ग ने भी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, ज्ञान, कर्म और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, करुणा और नेतृत्व जैसे गुण विकसित करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी उत्सव को यादगार बना दिया।





