
KHABAR ABHI ABHI
30/10/2026
कुल्लू। उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों की अनुपालना और सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे विभिन्न उपायों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और इसकी जानकारी सभी एसडीएम को भेज दी गई है।
बैठक में ई-डार पोर्टल पर उपलब्ध सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। साथ ही पीएम राहत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए कैशलेस उपचार का प्रावधान है।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को समय-समय पर स्कूल बसों का निरीक्षण करने और उनमें निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को ओवरलोडिंग, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। वाहनों में सरिया जैसी सामग्री का असुरक्षित परिवहन करने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को जिले के दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जनजागरूकता अभियान और अन्य गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, एसडीएम कुल्लू डॉ. जयवंती ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी, डॉ. सुरेश सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।






