KABAR ABHI ABHI
30/10/2026
शिमला। राजधानी शिमला के चलौंठी में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य काल्टा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद चिकित्सकीय परीक्षण करवाया और माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त हुआ है। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में 24 अक्टूबर 2026 को आतिश राठौर (22), निवासी तहसील कुमारसैन, जिला शिमला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि चलौंठी में उसके साथी अर्पित राठौर पर कुछ लोगों ने लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अर्पित राठौर के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 75/2026 दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 126(2), 115(2), 191(2) और 190 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य काल्टा पुत्र सुरिन्द्र सिंह, निवासी गांव मंगवानी, डाकघर जांगला, तहसील एवं थाना चिड़गांव, जिला शिमला को 29 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया और उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से आरोपी का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना से संबंधित परिस्थितियों को लेकर आगामी तफ्तीश जारी है।

Share the news