शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उदयपुर के एकलव्य विद्यालय का किया निरीक्षण

29 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | केलांग

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लाहौल दौरे के दौरान उदयपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी उनके साथ मौजूद रहीं।

शिक्षा मंत्री ने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और हिमाचल प्रदेश ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

शिक्षकों की समस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा

उदयपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

एसकेटीटी सड़क को लेकर बीआरओ से चर्चा

लाहौल दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस कोचर से मुलाकात की। इस दौरान संसारी–किलाड़–तिंदी–तांदी (एसकेटीटी) सड़क से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

इसके अलावा रोहित ठाकुर ने क्षेत्र के प्रसिद्ध त्रिलोकीनाथ मंदिर और मृकुला देवी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शिक्षा मंत्री का यह दौरा क्षेत्र में शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने, विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवश्यकताओं को समझने तथा स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।

Share the news