
29 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

दिवाली पर हिमाचल प्रदेश के लोगों को घर पहुंचाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 6 और 7 नवंबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से 266 विशेष बसें चलाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि दूसरे शहरों में रहने और काम करने वाले प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है, ताकि वे त्योहार अपने परिवार के साथ मना सकें।
मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार, 6 नवंबर को 134 और 7 नवंबर को 132 विशेष बसें संचालित की जाएंगी। इन बसों का विवरण इस प्रकार है:
6 नवंबर: दिल्ली से 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 बसें चलेंगी।
7 नवंबर: दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 बसें संचालित होंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली पर हर व्यक्ति अपने परिवार के साथ त्योहार मनाना चाहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एचआरटीसी ने यात्रियों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। निगम ने विशेष बसों के संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
दिवाली के दिन भी चलेंगी बसें
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि 8 नवंबर को दिवाली के दिन भी यात्रियों की सुविधा के लिए न्यूनतम बस सेवाएं जारी रहेंगी। दिल्ली, चंडीगढ़ और लंबी दूरी के मार्गों पर आवश्यकतानुसार बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। वहीं, प्रदेश के भीतर बस सेवाएं शाम 4 बजे तक संचालित होंगी।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रदेश की परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यात्रियों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाना निगम की प्राथमिकता है। विशेष बसों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अपने घरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी और वे अपने परिवार के साथ दिवाली की खुशियां साझा कर सकेंगे।





