निवेदिता नेगी ने संभाला लाहौल-स्पीति के उपायुक्त का कार्यभार

KHABAR ABHI ABHI
30/10/2026
केलांग। 2017 बैच की आईएएस अधिकारी निवेदिता नेगी ने शुक्रवार को उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति के रूप में कार्यभार संभाल लिया। जिला मुख्यालय केलांग पहुंचने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद निवेदिता नेगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही आमजन की समस्याओं का यथासंभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सहयोग जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से सामूहिक प्रयासों के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

Share the news