
मंडी : हरिद्वार से पिता की अस्थियों का विसर्जन करने के बाद अपने घर वापिस लौट रहे जोगिंदनगर के एक परिवार की कार द्रंग के भाटी का नाला के पास 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में चार लोग सवार थे, जो बुरी तरह से घायल हो गए हैं। नेशनल हाईवे 154 मंडी-पठानकोट पर यह हादसा पेश आया है। सभी घायलों को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार यह हादसा देर रात 3 बजे पेश आया है, जब जोगिंदनगर का एक परिवार हरिद्वार से अपने परिजन की अस्थियां बहाकर वापिस लौट रहा था। हादसे की जानकारी 108 को मिली तो स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया गया। घायलों में प्रांशु पठानिया निवासी गांव कमेड़, विवेक शर्मा निवासी गांव चो, विजय शर्मा और उमा शामरा निवासी चो, जोगिंदनगर के रूप में हुई है। वहीं पधर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पद्धर सौरभ ठाकुर ने बताया कि तीन घायलों का मंडी अस्पताल और एक घायल का नेरचौक अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं।





