
करसोग |
करसोग उपमंडल प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से “अपना पुस्तकालय–एक संवाद मंच” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह पहल एसडीएम करसोग गौरव महाजन के दिशा-निर्देशों में आरंभ की गई है, जिसके तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों के अनुभवी अधिकारियों से नियमित मार्गदर्शन मिलेगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से अपना पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों एवं जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। अधिकारी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन तथा परीक्षा संबंधी उपयोगी टिप्स देंगे, जिससे छात्र आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय कर सकें।
कम्युनिकेशन स्किल्स पर पहला संवादात्मक सत्र
“अपना पुस्तकालय–एक संवाद मंच” का पहला सत्र कम्युनिकेशन स्किल्स विषय पर आधारित रहा, जिसमें 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुभारंभ सत्र में सहायक लोक संपर्क अधिकारी संजय सैनी एवं तहसील कल्याण अधिकारी भोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावी संप्रेषण केवल शब्दों तक सीमित नहीं होता, बल्कि इसमें आई कॉन्टैक्ट, बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास और सुनने की क्षमता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संतुलित आई कॉन्टैक्ट वक्ता के आत्मविश्वास और ईमानदारी को दर्शाता है, जबकि सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज संवाद को अधिक प्रभावशाली बनाती है।
आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल पर विशेष जोर
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि साक्षात्कार, समूह चर्चा, प्रस्तुतीकरण एवं सार्वजनिक जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल अत्यंत आवश्यक हैं। इन गुणों का निरंतर अभ्यास व्यक्तित्व में स्थायी सुधार लाता है, जो दीर्घकालिक करियर सफलता की नींव बनता है।
हर शनिवार होगा आयोजन
संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न रखे, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से किया गया। उपमंडल प्रशासन ने जानकारी दी कि “अपना पुस्तकालय–एक संवाद मंच” कार्यक्रम प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।





