
ऊना।
भाजपा नेता एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने ऊना स्थित बाबा रुद्रानंद आश्रम में पहुंचकर शीश नवाया और पूज्य संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने आश्रम की आध्यात्मिक परंपराओं, सेवा भावना और शांत वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक केंद्र समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।
कर्ण नंदा ने कहा कि स्वामी हेमानंद महाराज का सान्निध्य और मार्गदर्शन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों में सेवा, समर्पण और मानव कल्याण की भावना निहित है, जो आज के भौतिक युग में अत्यंत प्रासंगिक है। स्वामी महाराज द्वारा संचालित सदाव्रत लंगर एवं सामाजिक सेवा कार्य समाज में समरसता और भाईचारे का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा रुद्रानंद आश्रम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, मानव सेवा और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त केंद्र है। यहां की सेवा परंपरा बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है।
कर्ण नंदा ने कहा कि संतों का आशीर्वाद जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव जागृत करता है। उन्होंने कामना की कि संतों की कृपा से प्रदेश और देश में सुख, शांति और सद्भाव बना रहे तथा समाज सेवा की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहे।





