
शिमला। जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना बालूगंज को सूचना मिली कि शिमला-रोहड़ू रूट पर चल रही एचआरटीसी बस में बैठे दो युवक संदिग्ध हालत में हैं और उनके पास चिट्टा हो सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को आईएसबीटी शिमला में रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान बस की अंतिम सीटों पर बैठे दो युवकों की तलाशी ली गई। बस में बैठे राहुल निवासी गांव चमारू, डाकघर प्रोंथी, तहसील जुब्बल, जिला शिमला और विशाल वर्मा निवासी गांव नंगल देवी, देवड़ी घाट, तहसील ठियोग, जिला शिमला के कब्जे से 30.700 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
आरोपियों से चिट्टा बरामद होने के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों के बैक वर्ड लिंकेज भी खंगाल रही है, पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए और कहां सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों से चिट्टा माफिया से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस थाना बालूगंज ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नशा तस्करों से जुड़े लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
झाकड़ी में 40 ग्राम चरस के साथ एक गिरफ्तार
शिमला। शिमला जिला के झाकड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान चरस बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना झाकड़ी की डिटेक्शन टीम रविवार देर शाम गश्त और नाकाबंदी पर थी। टीम जिओरी स्थित शीप ब्रीडिंग फार्म लिंक रोड से गानवी मार्ग पर जांच कर रही थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान 40 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान बेली राम निवासी वीपीओ मझेवाली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।
चंबा में दो तस्करों से साढ़े पांच ग्राम नशा बरामद
चंबा। पठानकोट एनएच स्थित एक निजी गेस्ट हाउस पर पुलिस की एसआईयू सैल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान दो युवकों से 5.49 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया है। आरोपियों को पुलिस रिमांड हेतु मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। नशे के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई जारी है।
नाहन में पुलिस ने चिट्टे के साथ धरे तीन युवक
नाहन। नशे के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत पुलिस ने कशिश भरोटा पुत्र श्याम लाल भरोटा निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी संजौली शिमला , रूबल पुत्र बलबीर निवासी पंडरोग कोटखाई व निक्षित चौहान पुत्र विजय चौहान निवासी पुडग़ की कार से तलाशी के दौरान 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ राजगढ़ पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है





