
जिला ब्यूरो, सिरमौर
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 14 फरवरी, शनिवार को सराहां में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसको लेकर सराहां कुश्ती स्टेडियम को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। क्षेत्र में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी घोषणाओं की उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र हिमाचल निर्माता के नाम से प्रसिद्ध डॉ. वाईएस परमार का गृह क्षेत्र रहा है। साथ ही, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद विनय कुमार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री का यह पहला पच्छाद दौरा है। इसके अलावा सात बार पच्छाद से विधायक रहे और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर का भी यह गृह क्षेत्र है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं की साख भी इस दौरे से जुड़ी मानी जा रही है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि मुख्यमंत्री सराहां दौरे के दौरान कई विकास योजनाओं की घोषणा करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित हैं।
विधायक रीना कश्यप का बयान
पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह मुख्यमंत्री के सराहां आगमन का स्वागत करती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक निमंत्रण या सूचना प्राप्त नहीं हुई है और उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से ही कार्यक्रम की जानकारी मिली है। इसके बावजूद वह मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सराहां जाएंगी।
विधायक ने कहा कि सराहां सिविल अस्पताल को 100 बिस्तरों में अपग्रेड करने की मांग लंबे समय से चल रही थी, जिसे पूर्व भाजपा सरकार ने स्वीकृति दी थी, लेकिन बाद में उसे डी-नोटिफाई कर दिया गया, जिससे क्षेत्र की जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र की सड़कों की दयनीय स्थिति, सरकारी बस सेवाओं के बंद होने सहित अन्य समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की बात कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।





