
नाहन: माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज की छात्रा मिस नेहा सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद जर्मनी में शानदार अवसर प्राप्त किया है।
वर्ष 2024 में कॉलेज परिसर में जर्मनी प्लेसमेंट हेतु एक विशेष संस्थान की शुरुआत की गई थी। इसी पहल के माध्यम से नेहा सैनी का चयन जर्मनी के एक शीर्ष मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल नेहा के लिए, बल्कि पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व का विषय है।
नेहा सैनी ने जर्मनी पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं, जिन्हें देखकर परिजनों और परिचितों में उत्साह का माहौल है। इस सफलता पर उनके माता-पिता ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए इसे बेटी की मेहनत, लगन और अच्छे संस्कारों का परिणाम बताया।
कॉलेज के शिक्षकों ने कहा कि नेहा शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। प्राचार्या ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
कॉलेज के चेयरमैन अनिल जैन, जनरल सेक्रेटरी सचिन जैन एवं प्राचार्या रिजी गीवरगीज़ ने छात्रा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा की कठोर मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था का परिणाम है।
माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज उच्चस्तरीय नर्सिंग शिक्षा, नैतिक मूल्यों तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है। यहां का शिक्षण वातावरण विद्यार्थियों में सेवा, करुणा और व्यावसायिक दक्षता का समुचित विकास करता है।
कॉलेज प्रबंधन को विश्वास है कि भविष्य में भी छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, संस्थान और समाज का नाम रोशन करती रहेंगी।





