कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर को शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति

कुल्लू-
कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा, भुंतर स्थित प्रस्तावित एनसीसी हैंगर का सुरक्षा निरीक्षण आज नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ की टीम द्वारा किया गया। इस दौरान हैंगर की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान 1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुनाल शर्मा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) भुंतर के निदेशक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के प्रतिनिधि तथा हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (एचपीपीडब्ल्यूडी) के सिविल व इलेक्ट्रिकल विंग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।इससे पूर्व बीसीएएस, चंडीगढ़ की टीम द्वारा हैंगर की संचालनात्मक तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित कुछ सुझाव और टिप्पणियां की गई थीं। इन सभी बिंदुओं को लोक निर्माण विभाग द्वारा दूर कर लिया गया है। 6 मार्च 2026 को बीसीएएस चंडीगढ़ द्वारा किए गए निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जिससे कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर को शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से इस सुविधा की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। अब एएआई भुंतर की अंतिम स्वीकृति तथा शेष औपचारिकताओं के पूरा होने की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां भी प्रक्रियाधीन हैं।उन्होंने बताया कि लाडा के अध्यक्ष एवं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने अगले दो वर्षों के लिए इस परियोजना के आवर्ती व्यय को वहन करने में सहयोग देने पर सहमति व्यक्त की है।
1 एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी कुल्लू और हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हैंगर की स्थापना तथा फ्लाइंग प्रशिक्षण गतिविधियां शुरू करने के लिए आवश्यक प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकांश औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद अब एएआई भुंतर से शेष प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किए जाने की अपेक्षा है, ताकि कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर जल्द से जल्द शुरू हो सके।
हैंगर के शुरू होने के बाद हिमाचल प्रदेश के एनसीसी एयर विंग कैडेट्स को राज्य में ही फ्लाइंग प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे युवाओं को विमानन क्षेत्र की बेहतर जानकारी और प्रशिक्षण के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कुल्लू ब्यूरो सुशांत शर्मा की रिपोर्ट…..

Share the news