
बंजार,
ग्राम पंचायत शिकारी घाट के गांव घाट तथा पंचायत बलागड़ के गांव लाहुंड में गीत संगीत के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिये कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अनुमोदित गीत-संगीत मंच बंजार के कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपस्थित लोगों को सरकार की जनहितैषी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना था। कलाकारों ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, ई-वाहन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तथा बेटी है अनमोल योजना सहित अनेक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। गीत-संगीत कला मंच के प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि मंच के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि पात्र लाभार्थी सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम में कलाकार रमेश कुमार, टेला सोनी, जाग सोनिया सिंह, नरेंद्र मेहता, बी.एस. राणा, रीना तथा देव माइकल सहित अन्य कलाकारों ने भाग लेकर अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को जागरूक किया।
कुल्लू ब्यूरो सुशांत शर्मा की रिपोर्ट…..





