
सरकाघाट,
रवीन्द्र नाथ टैगोर राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट का 41वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धर्मपुर क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का उज्ज्वल भविष्य बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर निर्भर करता है तथा जीवन में लक्ष्य की प्राप्ति कठिन परिश्रम और समर्पण से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि वार्षिक पारितोषिक समारोह विद्यार्थियों को और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य के साथ उन्होंने महाविद्यालय में प्रवेश लिया है, उसे सदैव स्मरण रखते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करें। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को समय के महत्व को समझते हुए उसका सदुपयोग करने की सलाह दी।
विधायक ने कहा कि युवा शक्ति हमारी बहुमूल्य संपदा है और उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करके ही समाज और राष्ट्र के समग्र विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अध्यापकों से भी आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनका उचित मार्गदर्शन भी करें।
इससे पूर्व उन्होंने महाविद्यालय परिसर में स्थित सरस्वती माता मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश देते हुए समाज निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर अन्य छात्र भी कड़ी मेहनत कर जीवन में अपना अलग मुकाम बनाएंगे।
इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने मंच पर गायन प्रस्तुत करने वाले चार छात्रों में से प्रत्येक को 1,000 रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा सरकाघाट में अटल आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय की घोषणा पर क्षेत्रवासियों को बधाई भी दी।
विधायक ने बताया कि महाविद्यालय में पुस्तकालय भवन के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है तथा विद्यार्थियों के लिए पार्किंग सुविधा के निर्माण हेतु 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बास्केटबॉल खेल छात्रावास में लड़कों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में एम.कॉम तथा एम.एससी (गणित) की कक्षाएं आरंभ करवाने का मुद्दा वे मुख्यमंत्री और राज्य के राजनीतिक नेतृत्व के समक्ष उठाएंगे।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सरकाघाट के लोगों के लिए एक बड़ा अवसर है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय सरकाघाट की छात्राओं ने स्वागत गीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आर. आर. कौंडल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समारोह के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल तथा विभिन्न सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वार्षिक शैक्षणिक प्रदर्शन, सेमेस्टर टॉपर्स, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां, एनसीसी, एनएसएस, रोवर एवं रेंजर्स, छात्र संपादक, सीएससीए, पुस्तकालय उपयोगकर्ता, इको क्लब तथा रेड रिबन क्लब सहित विभिन्न श्रेणियों में कुल 410 विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कला स्नातक (बीए) में प्रतीक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवानी द्वितीय और कोमल तृतीय स्थान पर रहीं। बीएससी (गैर-चिकित्सा) में बबीता प्रथम रहीं, हृषभ रतन द्वितीय तथा अदिति तृतीय स्थान पर रहीं। बीएससी (चिकित्सा) में रिया शर्मा प्रथम, शबनम द्वितीय और विजय कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं वाणिज्य स्नातक (बीकॉम) में मनीष कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पलक ठाकुर और साक्षी क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं। इन विद्यार्थियों को स्नातक अध्ययन की पूरी अवधि के दौरान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जय कुमार आजाद, जीवन लाल गुप्ता (पूर्व उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी), रितेश ठाकुर (सदस्य, राजपूत कल्याण बोर्ड), राजीव कुमार (अध्यक्ष, पीटीए), सुमन ठाकुर (पूर्व प्रधान, बकारटा), सरसा देवी (पूर्व बीडीसी सदस्य, रखोह), केतन ठाकुर (अध्यक्ष, युवा कांग्रेस धर्मपुर), सतपाल शर्मा (सदस्य, ब्राह्मण कल्याण बोर्ड), अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग सरकाघाट राज कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग सरकाघाट, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





