
सूबे में जहां एक ओर प्रदेश सरकार सीबीएसई स्कूल खोलने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर निजी संचालकों का रुझान हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूल खोलने की ओर भी बढ़ रहा है। बोर्ड के पास 50 स्कूल संचालकों ने संबद्धता के लिए इच्छा जताई है, इनमें से 32 स्कूलों को मान्यता प्रदान कर दी गई है।
इसके अलावा, स्कूलों के अपग्रेडेशन के लिए 46 संचालकों ने आवेदन किया है। वहीं, पहले से संचालित स्कूलों के रिन्यूअल के लिए बड़ी संख्या में 1040 स्कूल संचालकों ने आवेदन किया है। शिक्षा बोर्ड के पास शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 1202 स्कूलों ने आवेदन किया है। इनमें 50 नए स्कूल खोलने के लिए आवेदन पहुंचे हैं, जिनमें 32 को मान्यता बोर्ड की ओर से प्रदान कर दी गई है, जबकि 18 आवेदनों को रद्द किया गया है। वहीं, अपग्रेडेशन के लिए पहुंचे 46 आवेदनों में 27 को अपग्रेड कर दिया गया है, जबकि 19 को अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है।
इसके अलावा शिक्षा बोर्ड के पास 1,040 स्कूलों ने संबद्धता रिन्यू करवाने के लिए आवेदन किया है। इनमें से 924 को रिन्यू कर दिया गया है, जबकि 116 आवेदनों को शिक्षा बोर्ड ने फिलहाल औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण रद्द किया है। तीन से पांच साल के लिए शिक्षा बोर्ड ने 9 संचालकों को संबद्धता प्रदान की है, जबकि बोर्ड के पास पहले से ही 3 से 5 वर्ष की संबद्धता प्राप्त 52 स्कूल हैं। 5 स्कूलों ने बोर्ड से परमानेंट संबद्धता ली हुई है।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के पास शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 1,202 आवेदन पहुंचे हैं। इनमें 50 आवेदन नई संबद्धता के लिए हैं, जबकि अपग्रेडेशन के लिए 46, रिन्यूअल के लिए 1,040 और तीन से पांच वर्ष की संबद्धता के लिए 9 आवेदन आए हैं। नए आवेदनों में 18 आवेदनों को रिजेक्ट किया गया है, जबकि 32 को मान्यता प्रदान की गई है। – डॉ. मेजर विशाल शर्मा, सचिव, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला





