
गोहर (मंडी):
उपमंडल गोहर के चैलचौक–जहल सड़क मार्ग पर तूना मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिमनी कार (HP65B-0920) अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान दीपक कुमार (35 वर्ष), पुत्र डिका सिंह, निवासी गांव स्यास (धंग्यारा ग्लू) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में केवल वही सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक कुमार अपनी पत्नी और बेटी को मंडी स्थित ससुराल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तूना मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना परिजनों और गोहर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की पुष्टि पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने की है।
इस हादसे की खबर फैलते ही जहल घाटी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।





