
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में माैसम ने करवट बदली है। ऊना जिले में शुक्रवार सुबह भीषण गर्मी के बीच आसमान से राहत की फुहारें बरसीं। जिले में बारिश होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शिमला सहित अन्य भागों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। शिमला में बूंदाबांदी के साथ अंधड़ चला। वहीं किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। माैसम में आए इस बदलाव से प्रदेश में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीती रात को जोत में 9.0, कुकुमसेरी 6.8, केलांग 5.0, धर्मशाला 2.1, चंबा 2.0, भुंतर 1.6, देहरा गोपीपुर 1.4, ऊना 1.4 व पालमपुर में 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
आज और कल प्रदेश में बारिश के आसार
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 और 23 मई को प्रदेश में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया है। पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए अंधड़ का ऑरेंज और अन्य के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 25 मई तक प्रदेश में कई जगह मौसम खराब रहने के आसार हैं। 26 मई से तीन दिन पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। विस्तारित अवधि पूर्वानुमान के अनुसार 29 से 4 जून तक के सप्ताह के कुछ दिनों के दाैरान राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
रोहतांग में बर्फबारी, कुल्लू घाटी में जमकर बरस रहे बादल
शुक्रवार को जिला कुल्लू व लाहौल घाटी में मौसम ने करवट बदली। रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे हैं। जबकि कुल्लू घाटी में बारिश होने से मौसम कूल-कूल हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन बागवानों की चिंता को बढ़ा दिया है। इन दिनों सेब के साथ अन्य फलों के लिए बागवानों को ओलावृष्टि का डर सताने लगा है। वहीं कुल्लू घाटी के सैर सपाटे को पहुंच रहे हजारों पर्यटकों ने सुहाने मौसम का खूब आनंद उठाया। रोहतांग के साथ कोकसर, ग्रांफू व शिंकुला में जमकर मस्ती की है
किन्नौर कैलाश की चोटियों पर बर्फबारी, रिकांगपिओ में बरसे बादल
किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में शुक्रवार से बारिश हुई। वहीं मुख्यालय के सामने किन्नौर कैलाश की चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। बारिश से रिकांगपिओ सहित जनजातीय जिले के अन्य क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 20.5, सुंदरनगर 20.8, भुंतर 17.4, कल्पा 12.8, ऊना 20.2, नाहन 21.9, केलांग 7.7, पालमपुर 17.5, सोलन 19.0, मनाली 16.0, कांगड़ा 23.2, मंडी 21.9 , बिलालपुर 24.0, चंबा 18.9, डलहाैजी 12.9, जुब्बड़हट्टी 22.8, कुफरी 15.2, कुकुमसेरी 5.7, सेऊबाग 15.8, बरठीं 20.0, पांवटा साहिब 27.0, सराहन 13.7, देहरा गोपीपुर 23.0, ताबो 6.8 व नेरी में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





