
मंडी,
जिला कल्याण अधिकारी मंडी समीर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों से अपने बैंक अथवा डाकघर खातों की आधार सीडिंग शीघ्र करवाने का आग्रह किया है, ताकि पेंशन वितरण में किसी प्रकार की देरी या बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान एसएनए स्पर्श पोर्टल के आधार आधारित भुगतान मॉड्यूल के माध्यम से किया जाना है। ऐसे में सभी पेंशनरों के बैंक एवं डाकघर खातों का आधार से लिंक होना आवश्यक है। जिन लाभार्थियों के खाते अभी तक आधार से लिंक नहीं हैं, वे संबंधित बैंक अथवा डाकघर में आवश्यक दस्तावेजों सहित संपर्क कर आधार सीडिंग प्रक्रिया पूर्ण करवाएं।
जिला कल्याण अधिकारी ने अधीक्षक डाकघर मंडी तथा लीड बैंक प्रबंधक (पीएनबी) मंडी से भी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत आने वाले सभी पेंशनरों के खातों की आधार सीडिंग स्थिति का सत्यापन करने तथा इसकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। जिन खातों में अभी तक आधार सीडिंग नहीं हुई है, वहां संबंधित पेंशनरों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर आधार सीडिंग सुनिश्चित होने से पेंशन वितरण में देरी अथवा विफलता जैसी समस्याओं से बचा जा सकेगा। इसके अतिरिक्त सभी तहसील कल्याण अधिकारियों को भी संबंधित डाकघरों और बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर पेंशनरों के खातों की आधार सीडिंग स्थिति शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लाभार्थियों को समय पर पेंशन उपलब्ध करवाई जा सके।





