Himachal News : एचआरटीसी बस चालक-परिचालक से मारपीट, सरकारी बस में तोड़फोड़; नालागढ़ थाना में मामला दर्ज

खबर अभी अभी
सोलन ,
एचआरटीसी की बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नालागढ़ थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अमरचंद पुत्र रोशन लाल निवासी जिला कांगड़ा तथा सुमित शर्मा पुत्र स्वरूप कुमार शर्मा निवासी जिला कांगड़ा ने 23 मई को पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि एचआरटीसी बस नंबर HP-64-7440 अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी।
इसी दौरान बागवानी क्षेत्र के पास बस चालक ने कार नंबर HP-63C-8946 को ओवरटेक किया। आरोप है कि इससे नाराज कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया, जो गाड़ी नंबर HP-12B-74068 में वहां पहुंचे। शिकायत के मुताबिक खेड़ा से आगे आरोपियों ने एचआरटीसी बस को बीच रास्ते में रोक लिया और चालक व परिचालक के साथ मारपीट की। घटना में दोनों कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं।

आरोपियों ने सरकारी बस के फ्रंट शीशे पर स्क्रैच किए और ड्राइवर साइड का शीशा भी तोड़ दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। घटना के दौरान बस चालक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक व परिचालक को उपचार व मेडिकल जांच के लिए नालागढ़ सीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 156 दर्ज कर ली है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132, 126(2), 121, 118(1) तथा पीडीपी एक्ट की धारा 03 के तहत दर्ज किया गया है।

इस संबंध में एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद एचआरटीसी चालक और परिचालक वर्ग में रोष है। कर्मचारियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Share the news