
चौंतड़ा,
पंचायतीराज चुनावों के अंतर्गत चौंतड़ा विकास खण्ड में जिला परिषद एवं बीडीसी सदस्य पदों की मतगणना को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से चौंतड़ा स्कूल में मतगणना पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। इस पूर्वाभ्यास की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने की।
इस अवसर पर एसडीएम मनीश चौधरी ने सभी मतगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनावों में मतगणना बैलट पेपर के माध्यम से की जानी है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को पूरी सावधानी, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य करना होगा। उन्होंने मतगणना के दौरान बैलट पेपर की जांच, मतों की गणना, अभिलेख संधारण तथा परिणाम संकलन से जुड़ी बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पूर्वाभ्यास के दौरान मास्टर ट्रेनर खजान सिंह ने मतगणना प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी देते हुए कर्मचारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान मतगणना कर्मचारियों द्वारा व्यवहारिक अभ्यास भी किया गया, ताकि वास्तविक मतगणना के समय किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
इस अवसर पर तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी, बीडीओ चौंतड़ा अनुभव तनवर तथा नायब तहसीलदार जोगिंदर नगर जागृति राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





