
खबर अभी अभी ,
ऊना, 15 जून।
ऊना क्षेत्र के अधिकृत ऑटो चालकों ने एस पी ऊना सचिन हीरामेठ एवं एसडीएम ऊना को ज्ञापन सौंपकर अवैध रूप से संचालित हो रहे ऑटो और ई-रिक्शाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चालकों का आरोप है कि सरकार द्वारा पुराने ऑटो वाहनों को बंद किए जाने के बावजूद कई लोग बिना वैध अनुमति के पुराने ऑटो सड़कों पर चला रहे हैं, जिससे नियमों की अवहेलना हो रही है और अधिकृत चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अधिकृत ऑटो चालक नियमित रूप से टैक्स एवं अन्य सरकारी शुल्क जमा करते हैं, जबकि अवैध रूप से चल रहे वाहन बिना किसी कार्रवाई के सड़कों पर संचालित हो रहे हैं। चालकों का आरोप है कि कई स्थानों पर बिना नंबर और बिना वैध दस्तावेजों वाले वाहन भी सवारियां ढो रहे हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा असमान हो गई है।
ऑटो चालकों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि बस स्टैंड, अस्पताल, गगरेट मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर अवैध वाहन चालक सवारियां उठाते हैं और विरोध करने पर विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। उनका कहना है कि इससे अधिकृत चालकों की आय में भारी गिरावट आई है और कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि सभी अवैध ऑटो और ई-रिक्शाओं के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पुराने वाहनों की खरीद-फरोख्त और नए वाहनों के पंजीकरण पर भी नियमानुसार नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। चालकों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई अधिकृत ऑटो चालकों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन की प्रतियां जिला प्रशासन, आरटीओ कार्यालय तथा परिवहन विभाग को भी भेजी गई हैं।





