
हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि मंडी स्थित हिमाचल हार्ट इंस्टीट्यूट (मांडव सुपरस्पेशलिटी अस्पताल) के हृदय रोग विशेषज्ञ अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा जगत में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। संस्थान के निदेशक एवं मुख्य इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल महाजन ने अमेरिका में आयोजित हृदय रोग के दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत से सर्वाधिक शोध योगदान देकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
अमेरिका के सैन डिएगो में आयोजित Transcatheter Cardiovascular Therapeutics (TCT 2026) सम्मेलन में डॉ. महाजन के 11 शोधपत्र शामिल किए गए, जिनमें से 4 उन्होंने स्वयं प्रस्तुत किए। वहीं, शिकागो में आयोजित American Heart Association (AHA) Scientific Sessions 2026 में उनके 9 शोधकार्य शामिल रहे। दोनों सम्मेलनों में भारत से सर्वाधिक शोध योगदान का यह दावा संस्थान की ओर से किया गया है।
इस उपलब्धि के साथ डॉ. महाजन को प्रतिष्ठित Fellow of the American Heart Association (FAHA) सम्मान से भी नवाजा गया। हृदय रोग चिकित्सा, वैज्ञानिक अनुसंधान और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिए जाने वाले इस सम्मान को हासिल करने वाले वह हिमाचल प्रदेश के पहले हृदय रोग विशेषज्ञ बताए जा रहे हैं।
इससे पहले अगस्त 2026 में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित यूरोप के प्रतिष्ठित European Society of Cardiology (ESC) Congress 2026 में भी उनके 7 शोधपत्र स्वीकार किए गए थे। डॉ. महाजन पिछले कई वर्षों से देश-विदेश के प्रमुख हृदय रोग सम्मेलनों में आमंत्रित विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लेते रहे हैं। उनके शोधकार्य मुख्य रूप से हृदयाघात के उपचार, कोरोनरी एंजियोप्लास्टी, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण और हृदय रोगों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित हैं।
इसी क्रम में संस्थान के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. जयभारत शर्मा ने भी अक्टूबर 2026 में सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हृदय रोग सम्मेलन में हिमाचल का नाम रोशन किया। उनके शोधकार्य को एशिया के सर्वश्रेष्ठ 6 शोधकार्यों में स्थान मिला और उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया।
विशेष बात यह है कि ये उपलब्धियां किसी बड़े महानगर के बजाय हिमाचल के मंडी जैसे छोटे शहर में स्थित निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने हासिल की हैं। यहां मरीजों के उपचार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक अनुसंधान भी किया जा रहा है।
डॉ. कुणाल महाजन ने इन उपलब्धियों का श्रेय अपने सहयोगियों, विशेषकर डॉ. जयभारत शर्मा, डॉ. सुरेंद्र हिमराल, अन्य शोध सहयोगियों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिमाचल के लोगों को विश्वस्तरीय हृदय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा अनुसंधान के मानचित्र पर स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने साबित किया है कि बड़े सपनों को साकार करने के लिए बड़े शहरों में होना जरूरी नहीं है। मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास से छोटे शहरों से भी विश्वस्तरीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
मांडव सुपरस्पेशलिटी अस्पताल प्रबंधन ने इन उपलब्धियों को संस्थान के साथ-साथ पूरे हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। प्रबंधन के अनुसार, यह सफलता प्रदेश के युवा चिकित्सकों को चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।






