
खबर अभी अभी | कुल्लू | 12 नवंबर 2026

हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2026 के तहत जिला कुल्लू में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) का आगाज हो गया है। गुरुवार को पुलिस लाइन बाशिंग में भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
खाकी वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने का सपना लेकर युवा सुबह से ही परीक्षा स्थल पर पहुंचने लगे। सुबह 7 बजे से अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग शुरू हुई। मैदान में युवाओं का जोश, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण देखने को मिला।
15 नवंबर तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कुल्लू में कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षा 12 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए कुल्लू पुलिस की ओर से सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा स्थल पर पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
कुल्लू पुलिस प्रशासन ने भर्ती में शामिल हो रहे सभी अभ्यर्थियों के उत्साह और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य में सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं।





