
खबर अभी अभी | कुल्लू | 12 नवंबर 2026

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के एक बयान ने नई हलचल पैदा कर दी है। पार्टी छोड़ने और इस्तीफा देने की अटकलों को खारिज करते हुए सुंदर ठाकुर ने साफ किया है कि वह कांग्रेस में ही हैं, लेकिन 11 दिसंबर के बाद कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
दरअसल, बुधवार को सुंदर ठाकुर ने सोशल मीडिया पर आत्मसम्मान और कुल्लू के विकास के लिए किसी भी हद तक जाने की बात कही थी। इसके बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में उनके पार्टी से नाराज होने और इस्तीफा देने तक की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
गुरुवार सुबह विधायक ने इन अटकलों का खंडन किया, लेकिन 11 दिसंबर के बाद बड़े फैसले की बात कहकर राजनीतिक सस्पेंस बरकरार रखा।
मंत्री पद को लेकर पहले भी हो चुकी है चर्चा
सुंदर ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं। कुल्लू दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी उनके मंत्री बनने को लेकर टिप्पणी की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि कई बार ग्रह-दशा ठीक न होने से काम अटक जाते हैं और ग्रह ठीक होते ही सुंदर ठाकुर मंत्री बन जाएंगे।
जयराम ठाकुर ने भी कसा था तंज
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और सुंदर ठाकुर पर निशाना साधा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि सुंदर ठाकुर को मंत्री पद के इंतजार में मुख्यमंत्री के पीछे घूमने के बजाय अपनी इज्जत बचानी चाहिए।
फिलहाल, 11 दिसंबर की तारीख पर सभी की निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री सुक्खू मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर क्या फैसला लेते हैं और सुंदर ठाकुर अपने इस ऐलान के बाद क्या राजनीतिक कदम उठाते हैं।





