हिमाचल के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह, होंगे भव्य कार्यक्रम : सुनील नेगी

11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
शिमला।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में देशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेशवासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं भी दीं।

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत : सुनील नेगी

सुनील नेगी ने कहा कि 15 नवंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष के जीवनकाल में ब्रिटिश शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया और जनजातीय समाज को एकजुट करने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि उनका उलगुलान आंदोलन अन्याय, शोषण और विदेशी शासन के विरुद्ध जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उनका संघर्ष आज भी युवा पीढ़ी को प्रेरित करता है।

11 से 18 नवंबर तक होंगे विभिन्न आयोजन

सुनील नेगी ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, जनजागरण कार्यक्रम और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सोशल मीडिया और अन्य जनसंपर्क माध्यमों से युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के योगदान से परिचित करवाया जाएगा।

इन कार्यक्रमों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित जनजातीय मोर्चा के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।

जनजातीय कल्याण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का किया जिक्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना जनजातीय कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति और फेलोशिप योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और विकास के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास

सुनील नेगी ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभियान है।

उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Share the news