
11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
कुनिहार (सोलन)।

कृषि विज्ञान केंद्र, सोलन ने आत्मा (ATMA), सोलन के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक खेती एवं खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत बनिया देवी, कुनिहार में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 100 किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम में डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति डॉ. एच.एस. बवेजा ने मुख्य अतिथि तथा निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. डी.पी. शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
प्राकृतिक खेती को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अपनाएं किसान : डॉ. बवेजा
अपने संबोधन में कुलपति डॉ. एच.एस. बवेजा ने कहा कि प्राकृतिक खेती हमारे पूर्वजों की पारंपरिक कृषि पद्धति है और भारतीय कृषि विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक तकनीकों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं को कृषि क्षेत्र में आगे आने और इसे लाभकारी एवं उद्यमशील व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से लहसुन की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही मशरूम उत्पादन और कीवी की खेती को भी युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं आय अर्जित करने के बेहतर विकल्प बताया।
किसान वैज्ञानिकों से नियमित संपर्क रखें : डॉ. शर्मा
निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. डी.पी. शर्मा ने किसानों से कृषि विज्ञान केंद्र, सोलन और विश्वविद्यालय के साथ निरंतर जुड़े रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खेती के दौरान आने वाली समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान के लिए किसानों को विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों और कृषि वैज्ञानिकों से नियमित संपर्क करना चाहिए, ताकि नवीन तकनीकों एवं अनुसंधान का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।
प्राकृतिक खेती और मिट्टी के संरक्षण की दी जानकारी
प्रशिक्षण शिविर के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, देसी गाय आधारित कृषि पद्धतियों तथा जीवामृत, घनजीवामृत और बीजामृत तैयार करने एवं उनके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अलावा खेत बचाओ अभियान के तहत मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सोलन की प्रभारी डॉ. सीमा ठाकुर, डॉ. राजेश ठाकुर, वैज्ञानिक (फूल विज्ञान), रजनी, परियोजना अधिकारी आत्मा, डॉ. प्रदीप, सह-निदेशक अनुसंधान, डॉ. मानिका तोमर, वैज्ञानिक (पादप रोग विज्ञान विभाग), नरेश भाटिया, प्रिंसिपल फार्म मैनेजर, बागवानी विकास अधिकारी डॉ. रमेश सहित अन्य अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाले किसानों ने कार्यक्रम की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। किसानों का कहना था कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें कृषि एवं बागवानी की नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी मिलती है और खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने में मदद मिलती है।





