
10 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी के पड्डल मैदान में 13 नवंबर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की तैयारियों, विभागीय जिम्मेदारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉकथॉन रूट पर प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्राथमिक उपचार, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि चिट्टा जैसी घातक नशे की समस्या से समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी को बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन नशे के खिलाफ सामाजिक एकजुटता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने जिला मंडी के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से वॉकथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता पैदा करने में मदद मिलेगी और युवा पीढ़ी को चिट्टे के दुष्प्रभावों से बचाने का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, एसडीएम सदर चन्द्र प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





