घुमारवीं बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा, इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर के नीचे आने से युवक की मौके पर मौत

11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
घुमारवीं (बिलासपुर)।

बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां जंगलबेरी से शिमला जा रही इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

बस स्टैंड से बाहर निकलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार को जंगलबेरी से शिमला रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बस घुमारवीं बस स्टैंड से रवाना हो रही थी। इसी दौरान बस जैसे ही स्टैंड से बाहर निकलने लगी, एक युवक उसके पिछले टायर के नीचे आ गया। हादसा बस स्टैंड के समीप एक गारमेंट्स की दुकान के पास हुआ। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस मृतक की पहचान करने के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक किन परिस्थितियों में बस के पिछले टायर की चपेट में आया।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Share the news