हाटकोटी के गलू में 50 ग्राम चिट्टे के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार, पहले भी NDPS के दो मामलों में रहा है आरोपी

11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
शिमला।

शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में डिटेक्शन सेल रोहड़ू की टीम ने हाटकोटी के समीप गलू में कार्रवाई करते हुए करीब 50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हो चुके हैं।

स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पकड़ा आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल उपमंडल रोहड़ू की टीम गलू क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बरामदगी की कार्रवाई पूरी की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू राही उर्फ माधव (29) पुत्र प्रेम राय, निवासी नेपाल के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 60/2026 दिनांक 07 नवंबर 2026 के तहत पुलिस थाना जुब्बल में NDPS एक्ट की धारा 21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पहले भी दो NDPS मामलों में आ चुका है नाम

पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में पुलिस थाना जुब्बल में आरोपी के खिलाफ 6.5 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था।

वहीं, वर्ष 2025 में पुलिस थाना रोहड़ू में कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन HCL युक्त कफ सिरप की 70 बोतलें बरामद होने के मामले में उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22 के तहत केस दर्ज किया गया था।

अदालत से मिला चार दिन का पुलिस रिमांड

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Share the news