
11 नवंबर 2026
खबर अभी अभी
शिमला।

भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आत्मकथा लिखने का अधिकार है, लेकिन इतिहास को प्रस्तुत करते समय ईमानदारी और सत्यनिष्ठा जरूरी है। सोनिया गांधी अपनी पुस्तक में चुनिंदा घटनाओं पर चिंता व्यक्त कर रही हैं, जबकि कांग्रेस शासनकाल के कई विवादास्पद और दुखद अध्यायों पर उनकी चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है।
आपातकाल और लोकतंत्र के हनन पर जवाब दे कांग्रेस
राकेश जमवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ, प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला गया। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लोकतंत्र के इस अध्याय पर कितनी स्पष्टता से आत्ममंथन किया है।
1984 की सिख विरोधी हिंसा पर कांग्रेस की जवाबदेही कहां?
भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 1984 में हजारों निर्दोष सिखों के साथ हुई हिंसा भारतीय इतिहास की बेहद दुखद घटनाओं में शामिल है। तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के विवादास्पद बयान को लेकर भी कांग्रेस से सवाल पूछे जाते रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने इस त्रासदी और पीड़ित परिवारों की पीड़ा पर स्पष्ट जवाब देने तथा कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी स्वीकार करने का प्रयास क्यों नहीं किया।
बोफोर्स प्रकरण पर भी मांगा जवाब
राकेश जमवाल ने बोफोर्स प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला लंबे समय तक देश की राजनीति में भ्रष्टाचार और जवाबदेही का बड़ा मुद्दा रहा। उन्होंने राजीव गांधी, सोनिया गांधी और ओत्तावियो क्वात्रोच्चि से जुड़े सवालों तथा इस विवाद पर कांग्रेस नेतृत्व से स्पष्ट जवाब देने की मांग की। उन्होंने सोनिया गांधी की भारतीय नागरिकता प्राप्त करने की समयावधि को लेकर उठते रहे सवालों पर भी स्पष्टीकरण मांगा।
भगवान राम और तुष्टिकरण की राजनीति पर भी साधा निशाना
भाजपा विधायक ने कहा कि सोनिया गांधी बाबरी मस्जिद के विषय पर चिंता व्यक्त करती हैं, लेकिन कांग्रेस द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में भगवान राम के ऐतिहासिक अस्तित्व को लेकर अपनाए गए पुराने रुख पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को अपने पुराने बयानों और राजनीतिक फैसलों पर भी आत्ममंथन करना चाहिए।
चुनिंदा नहीं, पूरा इतिहास सामने आना चाहिए : जमवाल
राकेश जमवाल ने कहा कि पुस्तक लिखना किसी का भी व्यक्तिगत अधिकार है, लेकिन इतिहास को चुनिंदा घटनाओं के आधार पर प्रस्तुत करना उचित नहीं है। सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को आपातकाल, 1984 की सिख विरोधी हिंसा, बोफोर्स और धार्मिक तुष्टिकरण से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की जनता अधूरा इतिहास नहीं, बल्कि पूरा सच जानना चाहती है।





