
राजधानी शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में एक बंदर ने जमकर उत्पात मचाया। बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे एक व्यक्ति की जेब से बंदर 81,800 रुपये का पैकेट लेकर भाग गया और पेड़ पर चढ़कर नोटों की बारिश करने लगा।
बंदर पेड़ पर बैठकर पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकता रहा। अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह हवा में उड़ता देख व्यक्ति के होश उड़ गए।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पेड़ के नीचे बिखरे नोट इकट्ठा करने शुरू कर दिए। काफी मशक्कत के बाद अधिकांश रकम बरामद कर ली गई, लेकिन व्यक्ति के अनुसार करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। वहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया।
डीसी ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों की समस्या को चर्चा में ला दिया है।






