
खबर अभी अभी | केलांग | 12 नवंबर 2026

लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के महत्व को लेकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से केलांग में निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के SVEEP कार्यक्रम के तहत वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 65 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व से अवगत करवाना रहा।
आयोजन में महाविद्यालयों, आईटीआई और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं को जूनियर और वरिष्ठ वर्गों में विभाजित किया गया था। जूनियर वर्ग की निबंध लेखन प्रतियोगिता में 24 और प्रश्नोत्तरी में 29 विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं, वरिष्ठ वर्ग की दोनों प्रतियोगिताओं में 6-6 विद्यार्थी शामिल हुए।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा प्रतिनिधित्व
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) के आधार पर आयोजित की गई, जबकि निबंध लेखन में विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रत्येक प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले लगभग 10 प्रतिभागियों का चयन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 21-लाहौल एवं स्पीति विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन के सफल संचालन के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 23 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार मतदान के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी जोर दिया गया।





