
5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सराहां

सराहां: पूर्व सैनिक कल्याण लीग (हिमाचल प्रदेश) की ओर से जिला आउटरीच पहल के तहत सराहां में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को लीग के स्टेट लेवल कॉमन प्लेटफॉर्म, इसके उद्देश्यों और कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देना तथा स्थानीय स्तर पर पूर्व सैनिकों की समस्याओं को समझना रहा।
कार्यक्रम में स्थानीय पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान मुख्य रूप से सराहां में सीएसडी कैंटीन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक खोलने, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय नाहन में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती तथा तहसील पच्छाद में सैनिक कल्याण सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग रखी गई।
इसके अलावा पूर्व सैनिक के अंतिम संस्कार के दौरान उचित सैन्य प्रतिनिधित्व और सम्मानजनक श्रद्धांजलि की व्यवस्था सहित अन्य कल्याणकारी मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
समस्याओं को स्टेट हेडक्वार्टर के समक्ष रखा जाएगा
लीग की सोलन जिला इकाई के अध्यक्ष एवं प्रमुख वक्ता सूबेदार मेजर सच्चिदानंद शर्मा (सेवानिवृत्त) ने कहा कि बैठक के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और समस्याओं को समेकित कर लीग के स्टेट हेडक्वार्टर के समक्ष रखा जाएगा। संबंधित विभागों के साथ उचित माध्यम से बातचीत कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक मजबूत, समन्वित और प्रभावी राज्य स्तरीय मंच तैयार करना है।
पूर्व सैनिकों ने पहल का किया स्वागत
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों ने स्टेट लेवल कॉमन प्लेटफॉर्म की पहल का स्वागत किया। उन्होंने भविष्य में आपसी समन्वय को और मजबूत करने तथा पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों को संगठित तरीके से संबंधित मंचों तक पहुंचाने पर सहमति जताई।
इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक एकता मंच के अध्यक्ष भुवनेश्वर दत्त सहित कई पूर्व सैनिक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।





