पानी की खातरी में डूबने से तीन साल के मासूम शिवांश की मौत, खेलते-खेलते पहुंचा था घर के पास

7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

टपरा गांव में दर्दनाक हादसा, आंगन में खेल रहा था मासूम; सुजानपुर पुलिस ने शुरू की जांच

हमीरपुर। जिला हमीरपुर के थाना सुजानपुर के तहत रंगड़ पंचायत के टपरा गांव में रविवार को दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम शिवांश की पानी की खातरी में डूबने से मौत हो गई। मासूम की अचानक मौत से परिवार में मातम पसर गया है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार शिवांश रविवार को अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर के पास बनी पानी की खातरी के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ देर बाद परिजनों को बच्चे के खातरी में गिरने का पता चला। उन्होंने तुरंत उसे बाहर निकाला और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

तीन साल के मासूम की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस आंगन में शिवांश खेलता था, वहीं हुए इस हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलने के बाद गांव के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया।

एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा आंगन में खेलते समय घर के पास बनी पानी की खातरी में गिर गया था। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

हादसे ने पूरे गांव को झकझोरा

महज तीन साल की उम्र में शिवांश की जिंदगी यूं अचानक खत्म हो जाने से टपरा गांव गहरे सदमे में है। मासूम की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई परिवार के दुख में शामिल होकर उन्हें सांत्वना दे रहा है।

Share the news