
7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हिमाचल में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 8 हजार बूथों के 80 हजार घरों में जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीप’
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। हिमाचल प्रदेश में यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा और इसे बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया है। गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा को शासन के केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्के घर, शौचालय, नल से जल, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन जैसी योजनाएं इसी सेवा भावना का परिणाम हैं।
उन्होंने कांग्रेस के 2004 से 2014 तक के शासन और 2014 के बाद मोदी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन घोटालों और बिचौलियों के लिए जाना गया, जबकि मोदी सरकार ने डिजिटल इंडिया और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत की।
8 हजार बूथों के 80 हजार घरों में जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीप’
डॉ. बिंदल ने बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश के करीब 8 हजार पोलिंग बूथों के 80 हजार घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना के साथ ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाएंगे और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव तथा विकसित भारत के संकल्प की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि 17 से 20 सितंबर तक प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत’ विषय पर पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि 25 वर्षों के सेवा और समर्पण के प्रतीक के रूप में भाजपा की ओर से 25 प्रकार के सेवा अभियान चलाए जाएंगे। इनमें नशा मुक्ति, स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा सेवा, अनाथालयों एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा दिव्यांगजनों की सेवा जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
अभियान के अंतिम चरण में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। विभिन्न स्थानों से मशाल लेकर युवा जिला केंद्रों तक पहुंचेंगे और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
मोदी सरकार में हिमाचल में विकास को मिली नई गति : बिंदल
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। पहाड़ों पर पुलों और सुरंगों का निर्माण हो रहा है, जिससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच दूरी कम हुई है।
उन्होंने अटल टनल रोहतांग सहित प्रदेश में बन रही नई सुरंगों और बड़े पुलों को केंद्र सरकार के विकास कार्यों का उदाहरण बताते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं की पहले कल्पना तक नहीं की गई, उन्हें केंद्र सरकार धरातल पर उतार रही है।
‘समृद्ध हिमाचल’ के दावे पर CAG रिपोर्ट का हवाला देकर सरकार पर हमला
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री वर्ष 2032 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन CAG की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल की बात कर रही है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश बढ़ते कर्ज और वित्तीय कुप्रबंधन की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से प्रदेश आत्मनिर्भर नहीं बनेगा, इसके लिए मजबूत वित्तीय अनुशासन और स्पष्ट विकास नीति जरूरी है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला
डॉ. बिंदल ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हजारों विद्यालय सिंगल टीचर व्यवस्था से जूझ रहे हैं और कई स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक से कई कक्षाओं को पढ़ाने की अपेक्षा करना शिक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई शिक्षण संस्थानों को बंद किया गया है, जबकि संचालित स्कूलों में भी शिक्षक, भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है।
फीस बढ़ोतरी और मुफ्त सुविधाओं में कटौती का आरोप
डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलने वाली कई सुविधाओं पर सरकार ने कटौती की है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन सुविधा प्रभावित हुई है और मुफ्त वर्दी जैसी सुविधाएं बंद की गई हैं।
उन्होंने कहा कि कक्षा 9वीं और 11वीं की पंजीकरण फीस 50 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दी गई है, जबकि लेट फीस 100 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये की गई है। उन्होंने इसे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।
उन्होंने कहा कि जब स्कूलों में शिक्षक, भवन, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं की कमी हो तथा दूसरी ओर फीस और आने-जाने का खर्च बढ़े, तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर पड़ता है।
CBSE और अंग्रेजी माध्यम को लेकर भी सरकार को घेरा
डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में बिना पर्याप्त तैयारी के प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को CBSE से जोड़ने और अंग्रेजी माध्यम लागू करने से पहले शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ किसी भी तरह का प्रयोग नहीं होना चाहिए। पहले शिक्षक, पाठ्यक्रम और संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए और उसके बाद बदलाव लागू किया जाना चाहिए।
हर महीने करीब 200 स्थानों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी भाजपा
डॉ. बिंदल ने कहा कि यह कहना गलत है कि भाजपा सरकार के खिलाफ जन आंदोलन नहीं कर रही। उन्होंने दावा किया कि जुलाई माह में भाजपा ने प्रदेश में 171 स्थानों पर प्रदर्शन किए, जिनमें स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों, बंद स्कूलों, बंद किए गए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी तथा CT Scan और Ultrasound जैसी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर भाजपा लगातार आवाज उठा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने निर्णय लिया है कि हर महीने करीब 200 स्थानों पर स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदेश के 171 मंडलों के साथ अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी आंदोलन किए जाएंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को जनता की आवाज सुननी पड़ेगी। भाजपा सदन से सड़क तक जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों, वित्तीय प्रबंधन तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने मजबूती से उठाती रहेगी।





