
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के लिए मंगलवार को जिला परिषद भवन चलौंठी में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री एवं शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी चेयरमैन, वाइस चेयरमैन एवं सदस्यों तथा जिला परिषद सदस्यों को सम्मानित किया गया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा करना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से 2022 तक क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए, जबकि वर्ष 2012 से 2017 के बीच लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए। वर्तमान में भी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं प्रस्तावित हैं और पिछले साढ़े तीन वर्षों में 800 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विकास कार्यों में वन स्वीकृति, एफसीए, भूमि उपलब्धता और अन्य विभागीय औपचारिकताओं से आने वाली बाधाओं को संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
पंचायतों को उपलब्ध धनराशि के उचित इस्तेमाल पर जोर
विक्रमादित्य सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों से विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध और सही उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि स्वीकृत राशि समय पर खर्च नहीं होती है तो वह वापस भी जा सकती है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने ब्लॉक कार्यालयों में जाकर योजनाओं के तहत उपलब्ध बजट और उसके उपयोग की जानकारी प्राप्त करने को कहा।
सुन्नी में जल्द खुलेगा HRTC सब-डिपो
विधायक ने कहा कि सुन्नी में HRTC का सब-डिपो जल्द स्थापित किया जाएगा और इस दिशा में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सब-डिपो शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बस सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बरसात के बाद सड़कों की टारिंग और पैचवर्क का कार्य भी तेज किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में टारिंग कार्यों के लिए 850 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क, पुल, स्वास्थ्य और पेयजल पर करोड़ों के कार्य
कार्यक्रम में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 1 जनवरी 2023 से अब तक हुए और प्रगति पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। दस्तावेज के अनुसार PMGSY-III के तहत 71.57 करोड़ रुपये, PMGSY-IV के विभिन्न चरणों में 58.80 करोड़ रुपये, विधायक प्राथमिकता NABARD के तहत 87.56 करोड़ रुपये और MMGSY/SHP व अन्य योजनाओं के तहत 135 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा संस्थान एवं भवन निर्माण परियोजनाओं के लिए 188 करोड़ रुपये, पुल निर्माण कार्यों के लिए 69.65 करोड़ रुपये, शिमला ग्रामीण नगर निगम क्षेत्र में 28.81 करोड़ रुपये, जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए 127 करोड़ रुपये, सीवरेज योजनाओं के लिए 21.35 करोड़ रुपये, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज के लिए 26.73 करोड़ रुपये तथा युवा सेवाओं एवं खेल संबंधी कार्यों के लिए 33 करोड़ रुपये की परियोजनाएं सूचीबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करना जरूरी है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक सहयोग से शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल करने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, खंड विकास अधिकारी बृजेश भारद्वाज, बीडीसी चेयरमैन टूटू जीत सिंह ठाकुर, वाइस चेयरमैन विक्रम सिंह ठाकुर, बीडीसी बसंतपुर चेयरमैन कौशल्या शर्मा, वाइस चेयरमैन भूप राम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी टूटू के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





